बीजापुर, 21नवंबर 2026। माओवाद प्रभावित रहे बीजापुर के दुर्गम नेशनल पार्क क्षेत्र में अब शासन-प्रशासन की पहुंच और मजबूत होगी। ग्राम पील्लूर में जिले के 24वें थाने का शुभारंभ20नवंबर को पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज बद्रीनारायण मीणा ने किया।
नवीन थाना खुलने के बाद पील्लूर और आसपास के 15 गांवों के ग्रामीणों को शिकायत दर्ज कराने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। इससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत होने के साथ ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर पुलिस सहायता और सुगम न्याय मिलने की उम्मीद है।
थाना पील्लूर में उप निरीक्षक हनीफ खान को थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। पुलिस के अनुसार, दुर्गम क्षेत्र में नए थाने की स्थापना से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने के साथ विकास कार्यों को भी गति मिलने की संभावना है।
शुभारंभ कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा, जिला पंचायत सदस्य कविता कुड़ेम, जनपद पंचायत अध्यक्ष सरिता कोरसा, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष गणपत नीलम सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम में पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारी, इन्द्रावती टाइगर रिजर्व के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण भी उपस्थित रहे।