दिल्ली के अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में छाया बस्तर का हुनर, मुख्यमंत्री ने की दीदियों की तारीफ

बेलमेटल की कलाकृतियों और पारंपरिक वस्त्रों ने खींचा लोगों का ध्यान, स्व-सहायता समूह की महिलाओं को मिला बड़ा बाजार

जगदलपुर, 21 नवंबर 2026। देश की राजधानी दिल्ली में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला (आईआईटीएफ) में बस्तर की पारंपरिक कला और हस्तशिल्प अपनी खास पहचान बना रहे हैं। नई दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित छत्तीसगढ़ पवेलियन में जगदलपुर के भारत माता स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा लगाए गए स्टॉल पर लोगों की अच्छी भीड़ देखने को मिल रही है। यहां प्रदर्शित बेलमेटल की कलाकृतियां, पारंपरिक वस्त्र और आदिवासी आभूषण दर्शकों और खरीदारों को आकर्षित कर रहे हैं।

व्यापार मेले के भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा एवं अरुण साव ने छत्तीसगढ़ पवेलियन पहुंचकर बस्तर के इस स्टॉल का अवलोकन किया। उन्होंने स्व-सहायता समूह की महिलाओं से बातचीत कर उनके उत्पादों, निर्माण प्रक्रिया, लागत और बिक्री के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने महिलाओं के हुनर और उद्यमशीलता की सराहना करते हुए कहा कि बस्तर की पारंपरिक कला अब राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर अपनी पहचान बना रही है। उपमुख्यमंत्रियों ने भी महिलाओं का उत्साहवर्धन किया।

इस स्टॉल पर चिलकुटी की उर्मिला सागर, आसना की कुंती मोरला और कलागुड़ी की अपल नाग अपने हाथों से तैयार किए गए उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री कर रही हैं। इनमें बेलमेटल से बनी नंदी, घोड़े, देवी-देवताओं की मूर्तियां, पारंपरिक दीपक, सजावटी सामान, गमछे, पारंपरिक वस्त्र और आदिवासी आभूषण शामिल हैं।

समूह की महिलाओं ने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से उन्हें पैकेजिंग, विपणन और उद्यमिता का प्रशिक्षण मिला है। इसी प्रशिक्षण और प्रयासों के चलते उन्हें अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले जैसे बड़े मंच पर अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने और बेचने का अवसर मिला है।

बस्तर की इन महिलाओं के लिए यह मेला केवल उत्पादों की बिक्री का माध्यम नहीं, बल्कि अपनी पारंपरिक कला को देशभर में पहचान दिलाने का अवसर भी बन रहा है। दिल्ली के बाजार में बस्तर की कलाकृतियों की मौजूदगी ग्रामीण महिलाओं के हुनर और आत्मनिर्भरता की नई तस्वीर पेश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *