पिता के इलाज के लिए उधार लेकर आया था 30 हजार, अस्पताल की गैलरी में सोते समय जेब से चोरी

कोटा 21नवंबर2026/ राजस्थान के कोटा स्थित न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में चोरी का मामला सामने आया है। यहां अपने बीमार पिता का इलाज कराने आए एक अटेंडर की जेब से दिनदहाड़े 30 हजार रुपये चोरी हो गए। पीड़ित के मुताबिक, वह अस्पताल की गैलरी में सो रहा था, इसी दौरान कोई अज्ञात व्यक्ति उसकी जेब से नकदी निकाल ले गया।

बारां जिले के बपावर निवासी ओमप्रकाश ने बताया कि उनके 75 वर्षीय पिता की तबीयत खराब है। डॉक्टरों ने सिर की नस फटने की बात बताई थी। इसके बाद वह शुक्रवार को पिता को इलाज के लिए कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां उन्हें मेडिसिन-ए वार्ड में भर्ती कराया गया।

ओमप्रकाश के अनुसार, पिता की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें आशंका थी कि आगे निजी अस्पताल में भी इलाज कराना पड़ सकता है। इसलिए वह 30 हजार रुपये उधार लेकर आए थे। रात में वह अपने जीजा के साथ वार्ड के बाहर गैलरी में सोए थे। सुबह करीब 6 बजे उठकर बाहर गए, उस समय रुपये उनकी पैंट की पिछली जेब में थे।

करीब आधे घंटे बाद वह वापस गैलरी में आकर लेट गए और गहरी नींद में सो गए। सुबह लगभग 9:30 बजे जब उनकी नींद खुली और जेब देखी तो उसमें रखे 30 हजार रुपये गायब थे।

सीसीटीवी बंद होने की बात कहकर थाने जाने को कहा

पीड़ित ने अस्पताल स्टाफ से सीसीटीवी फुटेज दिखाने की मांग की, लेकिन उनका कहना है कि अस्पताल के कैमरे बंद होने की बात कही गई। इसके बाद वह अस्पताल पुलिस चौकी पहुंचे, जहां भी सीसीटीवी बंद होने की जानकारी देते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराने को कहा गया।

ओमप्रकाश का कहना है कि पिता के इलाज के लिए उधार लेकर आए रुपये चोरी होने से वह परेशान हैं। अब अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों के संचालन को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *