इंदौर में 25 लाख रुपये के लिए दोहरा हत्याकांड! बेटे ने पिता और 22 वर्षीय बहन को उतारा मौत के घाट

इंदौर 21नवंबर2026/ मध्य प्रदेश के इंदौर में संपत्ति और पैसों के विवाद में रिश्तों को शर्मसार करने वाला दोहरा हत्याकांड सामने आया है। यहां एक बेटे पर अपने ही पिता और सगी बहन की हत्या करने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, करीब 25 लाख रुपये के विवाद में आरोपी ने पहले पिता की हत्या की और फिर अगले दिन अपनी 22 वर्षीय बहन को भी मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद से मुख्य आरोपी फरार है।

मामला इंदौर के एरोड्रम और हातोद थाना क्षेत्र का है। पुलिस को कालानी नगर स्थित एक किराए के फ्लैट से 22 वर्षीय हर्षिता यादव का शव मिला था। वहीं, हातोद थाना क्षेत्र के जम्बुड़ी हप्सी में एक बोरे में बंद उसके पिता राजू यादव का शव बरामद हुआ। जांच के दौरान दोनों हत्याओं के बीच पारिवारिक संबंध सामने आए।

मकान बेचने के बाद शुरू हुआ पैसों का विवाद

पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, राजू यादव ने कुछ दिन पहले मल्हारगंज क्षेत्र में अपना मकान करीब 50 लाख रुपये में बेचा था। बताया जा रहा है कि उन्होंने इस रकम में से 25 लाख रुपये अपनी बेटी हर्षिता को दिए थे। इसके अलावा पत्नी के जेवर भी बेटी को उसकी शादी के लिए दे दिए थे। इसी बात को लेकर बेटा हर्ष नाराज था और पिता से 25 लाख रुपये की मांग कर रहा था। आरोप है कि वह पिता पर चेक पर हस्ताक्षर करने का दबाव भी बना रहा था।

दो दिनों में पिता और बहन की हत्या

पुलिस के मुताबिक, 18 नवंबर को हर्ष ने एक नाबालिग साथी के साथ मिलकर पिता राजू यादव की हत्या कर दी। इसके बाद शव को बोरे में बंद कर सुनसान इलाके में फेंक दिया। अगले दिन 19 नवंबर को कालानी नगर स्थित फ्लैट में अपनी बहन हर्षिता की भी हत्या कर दी।

सीसीटीवी फुटेज से सामने आया मामला

हर्षिता का शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। इसी दौरान हातोद क्षेत्र में राजू यादव का शव मिलने से मामले की कड़ियां जुड़ती चली गईं। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिनमें आरोपी हर्ष अपनी बहन की हत्या के बाद एक नाबालिग साथी के साथ जाता दिखाई दिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने नाबालिग साथी को हिरासत में लिया है।

मुख्य आरोपी की तलाश जारी

फिलहाल मुख्य आरोपी हर्ष फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें तलाश में जुटी हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में सामने आए 25 लाख रुपये और संपत्ति विवाद को इस दोहरे हत्याकांड की वजह माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *