सुकमा के जंगल में नक्सलियों का डम्प बरामद, 2 टिफिन आईईडी समेत भारी मात्रा में विस्फोटक जब्त

सुकमा, 29 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सुरक्षा बलों को नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली है। कुकानार थाना क्षेत्र के दुमनपारा और जोंगेरास के जंगल-पहाड़ी इलाके में सर्चिंग के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया डम्प बरामद किया गया। इसमें 2 टिफिन आईईडी, 80 नॉन इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, 14 जिलेटिन रॉड और 315 बोर के 14 जिंदा कारतूस समेत बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और नक्सली उपयोग का सामान शामिल है।

पुलिस के अनुसार, आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिली जानकारी के आधार पर 27 अक्टूबर को जिला बल, डीआरजी और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम ने इलाके में सर्चिंग और एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया था। इसी दौरान जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में छिपाकर रखे गए डम्प का पता चला।

बरामद सामग्री में 5 और 3 किलोग्राम के दो टिफिन आईईडी, 30 मीटर कॉडेक्स वायर, 15 मीटर सेफ्टी फ्यूज, करीब 100 मीटर इलेक्ट्रिक वायर और 7 बड़े व 7 छोटे बीजीएल कारतूस शामिल हैं। इसके अलावा वायरलेस सेट और मोटोरोला मनपैक सेट की बैटरियां, चार्जर, बीजीएल सेल निप्पल, कैमरा फ्लैश, मैगजीन पाउच और वर्दी समेत अन्य सामग्री भी मिली है।

पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रोहित शाह, मनोज तिर्की एवं मनीष कुंवर के मार्गदर्शन में की गई। बरामद विस्फोटक सामग्री को सुरक्षित तरीके से कब्जे में लेकर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। सुकमा पुलिस ने बताया कि जिले के जंगलों और दुर्गम इलाकों में छिपाए गए हथियारों, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री के डम्प की तलाश के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *