हिमाचलप्रदेश13नवंबर2026/ शिमला में बंदर की एक हैरान कर देने वाली हरकत सामने आई है। यहां डीसी ऑफिस परिसर में एक बंदर बैंक में पैसे जमा कराने जा रहे व्यक्ति की जेब से 81,800 रुपये का पैकेट लेकर पेड़ पर चढ़ गया। इसके बाद बंदर ने पैकेट से एक-एक कर नोट निकालने शुरू कर दिए और उन्हें नीचे फेंकने लगा।
बंदर को नोट बरसाते देख सरकारी कार्यालय परिसर में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। लोग नीचे गिरे नोट समेटने में जुट गए। काफी मशक्कत के बाद अधिकांश रकम वापस मिल गई, लेकिन करीब 1,500 रुपये का हिसाब नहीं मिल पाया। वहीं, 500 रुपये के कुछ नोट बंदर की हरकत के दौरान फट भी गए।
इस घटना के बाद पीड़ित व्यक्ति ने राहत की सांस ली। शिमला में बंदरों के बढ़ते आतंक के बीच यह अनोखी घटना चर्चा का विषय बनी हुई है।