छत्तीसगढ़ में सर्द हवाओं का असर शुरू, समुद्र में बन रहा नया सिस्टम; क्या फिर बदलेगा मौसम?

रायपुर 13नवंबर2026/छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज अब धीरे-धीरे बदलने लगा है। रात का तापमान गिरने से सुबह और देर शाम ठंडक महसूस होने लगी है। हालांकि दोपहर की धूप अभी भी गर्मी का अहसास करा रही है। इसी बीच बंगाल की खाड़ी में एक नया मौसमी सिस्टम विकसित होने की संभावना ने मौसम को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है।

समुद्र में हलचल, 15 नवंबर तक बदल सकती है सिस्टम की स्थिति

मौसम विभाग के अनुसार, अंडमान सागर के आसपास बने वायुमंडलीय परिसंचरण के प्रभाव से 13 नवंबर के आसपास दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र विकसित हो सकता है। अनुमान है कि अगले दो दिनों में यह सिस्टम और संगठित होकर अवदाब का रूप ले सकता है। इसके आगे बढ़ने की दिशा पर मौसम की आगामी स्थिति निर्भर करेगी।

अभी बारिश के आसार नहीं, पांच दिन तापमान रहेगा लगभग स्थिर

समुद्र में बन रहे सिस्टम के बावजूद छत्तीसगढ़ के लिए फिलहाल बारिश की कोई चेतावनी नहीं है। अगले पांच दिनों तक रात के तापमान में भी खास उतार-चढ़ाव की संभावना नहीं जताई गई है। यानी प्रदेशवासियों को अभी सुबह-शाम की ठंड और दिन की हल्की गर्मी के मिले-जुले मौसम का सामना करना पड़ सकता है।

उत्तर में ठंड ज्यादा, दक्षिण में गर्मी का असर बरकरार

प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में तापमान का अंतर साफ दिखाई दे रहा है। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। दूसरी ओर सुकमा में अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।

जगदलपुर में रात का पारा 14 डिग्री

प्रमुख शहरों में दर्ज तापमान के अनुसार रायपुर में अधिकतम 29.8 और न्यूनतम 17.3 डिग्री, बिलासपुर में 28.8 और 16 डिग्री तथा जगदलपुर में 29.4 और 14 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। दुर्ग में अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री रहा।

फिलहाल राहत, लेकिन समुद्री सिस्टम पर नजर

मौसम के मौजूदा हालात में प्रदेश में बारिश की संभावना कम है। हालांकि बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहा नया सिस्टम आने वाले दिनों में मौसम की दिशा बदल सकता है। इसकी गतिविधियों पर मौसम विभाग लगातार नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *