महिला दिवस पर महिलाओं को आत्मनिर्भरता का तोहफा: मुख्यमंत्री ने ‘लक्ष्मी सखी मिलेट कार्ट’ का किया शुभारंभ

जगदलपुर, 8 मार्च 2026।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बस्तर जनपद के मिनी स्टेडियम में आयोजित वृहद महतारी वंदन सम्मेलन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने ‘लक्ष्मी सखी मिलेट कार्ट’ योजना का शुभारंभ किया। इस पहल के तहत महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ते हुए उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पाँच मिलेट कार्ट पुनर्वासित महिलाओं को तथा एक अन्य महिला हितग्राही को प्रदान किए। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री Lakshmi Rajwade, वन मंत्री Kedar Kashyap सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित सक्षम योजना के तहत प्रत्येक हितग्राही को मिलेट कार्ट के लिए एक-एक लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार उपलब्ध कराते हुए पोषक अनाज यानी मिलेट उत्पादों को भी बढ़ावा देना है।
प्रधानमंत्री Narendra Modi के आह्वान पर मिलेट को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य में यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai के नेतृत्व में महिला एवं बाल विकास विभाग ने कृषि महाविद्यालय के सहयोग से ‘साथी परियोजना’ के अंतर्गत स्व सहायता समूहों और युवा महिला उद्यमियों को प्रशिक्षण देकर मिलेट कैफे और मिलेट कार्ट स्थापित करने की योजना शुरू की है।
योजना के पहले चरण में राज्य के शैक्षणिक संस्थानों, कार्यालयों और पर्यटन स्थलों पर लगभग 400 मिलेट कैफे और मिलेट कार्ट शुरू किए जाएंगे। ‘साथी परियोजना’ के तहत स्व सहायता समूहों और महिला उद्यमियों को निःशुल्क प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, जिससे वे अपने उत्पादों को बेहतर तरीके से तैयार और बाजार में बेच सकें।
विभाग का मानना है कि साथी बाजार और मिलेट कैफे महिलाओं के उत्पादों को उचित मंच उपलब्ध कराएंगे और इससे उनकी आय में वृद्धि होगी। यह पहल महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *