बीजापुर13नवंबर2026/ छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों ने दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सर्चिंग अभियान के दौरान माओवादी डंप बरामद किए हैं। इन कार्रवाइयों में कुल 136 बीजीएल सेल और करीब 1400 फीट कार्डेक्स वायर सहित बड़ी मात्रा में अन्य सामग्री जब्त की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, खुफिया आसूचना के आधार पर थाना पामेड़ क्षेत्र के तुमरेल और सिंगमपल्ली के जंगलों में डीआरजी, 208 कोबरा बटालियन और डॉग स्क्वाड (K-9) की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान डॉग स्क्वाड की मदद से संदिग्ध स्थानों की पहचान कर छिपाकर रखा गया डंप बरामद किया गया। यहां से 103 बीजीएल सेल सहित अन्य सामग्री जब्त की गई।
वहीं, दूसरी कार्रवाई थाना गंगालूर क्षेत्र के एफओबी कुप्पागुड़ा के अंतर्गत लेकामपारा के जंगलों में की गई। यहां केरिपु 199वीं बटालियन, 204 कोबरा बटालियन और डॉग स्क्वाड (K-9) वेस्पा की संयुक्त टीम ने सर्चिंग के दौरान दो अलग-अलग डंप बरामद किए। इनमें 33 बीजीएल सेल, 1400 फीट कार्डेक्स वायर और अन्य सामग्री शामिल है।
दोनों मामलों में बरामद सामग्री के संबंध में थाना पामेड़ और थाना गंगालूर में अलग-अलग वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
बीजापुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सर्चिंग और डी-माइनिंग अभियान लगातार संचालित किए जा रहे हैं। ऐसे में कहीं भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री दिखाई देने पर उसे छूने के बजाय सुरक्षित दूरी बनाए रखें और तत्काल नजदीकी थाना या सुरक्षा कैंप को सूचना दें।