8मई 2026
जगदलपुर। विश्व रेड क्रॉस दिवस के अवसर पर शुक्रवार को महारानी अस्पताल में विशेष महिला स्वास्थ्य जांच एवं उपचार शिविर का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की पहल पर आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में महिलाओं ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराई और विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श लिया। शिविर का उद्देश्य महिलाओं को गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूक करना और समय रहते उपचार की सुविधा उपलब्ध कराना रहा।
अस्पताल परिसर में आयोजित शिविर में महिलाओं के लिए कैंसर स्क्रीनिंग, स्त्री रोग जांच, सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण और आवश्यक उपचार की व्यवस्था की गई थी। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी जरूरी सलाह देते हुए बताया कि नियमित जांच और शुरुआती पहचान से गंभीर बीमारियों का इलाज आसान हो जाता है। डॉक्टरों ने महिलाओं से अपने स्वास्थ्य को नजरअंदाज नहीं करने और समय-समय पर जांच कराने की अपील भी की।
कार्यक्रम में सांसद महेश कश्यप, विधायक किरण देव, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अध्यक्ष दिनेश कश्यप, महापौर संजय पांडेय और नगर निगम स्वास्थ्य समिति सभापति लक्ष्मण झा मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों ने स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर महिलाओं में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
शिविर के सफल आयोजन में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय बसाक, सिविल सर्जन डॉ. संजय प्रसाद सहित अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और स्वास्थ्य कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने महिलाओं की जांच के साथ उन्हें आवश्यक उपचार और परामर्श भी उपलब्ध कराया।
शिविर में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से पहुंची महिलाओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। कई महिलाओं ने पहली बार विशेषज्ञ डॉक्टरों से स्वास्थ्य जांच कराई और इस पहल को बेहद उपयोगी बताया। कार्यक्रम के अंत में स्वास्थ्य विभाग की ओर से भविष्य में भी ऐसे विशेष शिविर आयोजित करने की बात कही गई, ताकि महिलाओं को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं लगातार मिलती रहें।