बाकेल में डिजिटल सुविधा की नई शुरुआत, अब गांव में ही मिलेंगी ऑनलाइन और बैंकिंग सेवाएं

8मई2026

जगदलपुर। बस्तर के ग्रामीण इलाकों को डिजिटल सेवाओं से जोड़ने की दिशा में शुक्रवार को ग्राम पंचायत बाकेल में एक महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत हुई। यहां अटल डिजिटल सुविधा केंद्र का उद्घाटन जिला पंचायत अध्यक्ष  वेदवती कश्यप ने किया। इस केंद्र के शुरू होने से अब ग्रामीणों को छोटे-छोटे ऑनलाइन कार्यों और जरूरी दस्तावेजों के लिए शहरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष  संतोष बघेल और जिला पंचायत सदस्य  निर्देश दीवान भी विशेष रूप से मौजूद रहे। स्थानीय परंपराओं के साथ अतिथियों का स्वागत किया गया, जिसके बाद फीता काटकर केंद्र का शुभारंभ किया गया। उद्घाटन के दौरान ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला।
जिला पंचायत अध्यक्ष  वेदवती कश्यप ने कहा कि आज के दौर में डिजिटल सुविधाएं गांवों तक पहुंचना बेहद जरूरी है। अटल डिजिटल सुविधा केंद्र ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत साबित होगा, जहां उन्हें ऑनलाइन आवेदन, दस्तावेज प्रिंट, बैंकिंग सेवाएं, सरकारी योजनाओं से जुड़ी जानकारी और अन्य डिजिटल सुविधाएं एक ही स्थान पर मिल सकेंगी। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीणों का समय और पैसा दोनों बचेंगे तथा शासन की योजनाओं का लाभ भी अधिक पारदर्शिता के साथ लोगों तक पहुंचेगा।
जनपद पंचायत अध्यक्ष  संतोष बघेल ने कहा कि डिजिटल व्यवस्था गांवों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अहम भूमिका निभा रही है। वहीं जिला पंचायत सदस्य निर्देश दीवान ने इसे ग्रामीण विकास की दिशा में एक बड़ा कदम बताते हुए कहा कि ऐसी सुविधाएं युवाओं और विद्यार्थियों के लिए भी बेहद उपयोगी साबित होंगी।
केंद्र शुरू होते ही ग्रामीणों ने ऑनलाइन सेवाओं की जानकारी ली और कई लोगों ने मौके पर ही दस्तावेज संबंधित कार्य भी कराए। ग्रामीणों का कहना है कि अब उन्हें आधार, पैन, बैंकिंग या अन्य ऑनलाइन कार्यों के लिए शहर नहीं जाना पड़ेगा, जिससे काफी सुविधा होगी।
ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने इस पहल को गांव के विकास की नई शुरुआत बताते हुए शासन और प्रशासन के प्रयासों की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *