पंचमुखी हनुमान मंदिर की दानपेटी पर चोर की नजर, ताला तोड़कर नकदी ले उड़ा

सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई वारदात, पुजारी के पहुंचने पर सामने आया मामला; पुलिस ने शुरू की जांच

जालौन 28सितंबर 2026/कोंच नगर के उरई रोड स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर में सोमवार तड़के चोरी की वारदात सामने आई। चोर ने मंदिर की दानपेटी का ताला तोड़कर उसमें रखी श्रद्धालुओं की दानराशि चोरी कर ली। पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 4 बजे मंदिर के पुजारी संदीप दुबे पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे। वहां उन्होंने दानपेटी का ताला टूटा हुआ देखा। दानपेटी की जांच करने पर उसमें रखी नकदी गायब मिली। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही मंडी चौकी प्रभारी राकेश पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। डायल 112 की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मंदिर परिसर की जांच कर चोरी से जुड़े साक्ष्य जुटाए।

सीसीटीवी फुटेज में एक चोर दानपेटी का ताला तोड़कर उसमें रखी नकदी निकालता दिखाई दे रहा है। पुलिस फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोर की पहचान और उसकी तलाश में जुटी है।

धार्मिक स्थल पर चोरी की घटना सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में नाराजगी है। लोगों ने मंदिरों और सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *