पेंशन कार्ड बनाने के नाम पर रिटायर्ड शिक्षक से 5.90 लाख की ठगी, जामताड़ा के दो आरोपी कोलकाता से गिरफ्तार

बस्तर पुलिस की कार्रवाई: 82 एटीएम कार्ड, 6 मोबाइल और 25 हजार रुपये नकद बरामद

जगदलपुर, 16 अक्टूबर 2026। सोशल मीडिया पर वरिष्ठ नागरिक पेंशन कार्ड बनाने का विज्ञापन देकर सेवानिवृत्त शिक्षक से 5 लाख 90 हजार रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में बस्तर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने झारखंड के जामताड़ा जिले के रहने वाले दो आरोपियों को पश्चिम बंगाल के कोलकाता से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से विभिन्न बैंकों के 82 एटीएम कार्ड, 6 मोबाइल फोन, 5 सिम कार्ड, 25 हजार रुपये नकद और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामग्री जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार, अपराध दर्ज होने के 20 दिनों के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

फेसबुक पर विज्ञापन देखकर फंसे सेवानिवृत्त शिक्षक

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी को फेसबुक पर वरिष्ठ नागरिक पेंशन कार्ड बनवाने के लिए आवेदन करने संबंधी विज्ञापन दिखाई दिया था। विज्ञापन में दिए गए लिंक पर क्लिक करने पर ऑनलाइन फॉर्म खुला, जिसमें नाम, पता, आधार कार्ड, पैन कार्ड, मोबाइल नंबर और बैंक खाते से संबंधित जानकारी भरने का विकल्प था। प्रार्थी ने फॉर्म में कुछ जानकारी भरने के बाद उसे अधूरा छोड़ दिया। इसके बाद अज्ञात मोबाइल नंबरों से उन्हें फोन कॉल आने लगे।

आरोप है कि फोन करने वालों ने प्रार्थी से व्यक्तिगत और बैंकिंग संबंधी जानकारी हासिल कर उनके बैंक खाते से कुल 5 लाख 90 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर लिए। शिकायत के आधार पर थाना फ्रेजरपुर (परपा) में अपराध क्रमांक 241/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।

तकनीकी जांच से कोलकाता तक पहुंची पुलिस

सेवानिवृत्त शिक्षक से हुई ठगी को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर के पर्यवेक्षण तथा नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार धोत्रे और उप पुलिस अधीक्षक साइबर चंद्रहास के मार्गदर्शन में अलग-अलग टीमें गठित की गईं।

जांच के दौरान पुलिस ने ठगी की रकम जिन बैंक खातों में ट्रांसफर हुई थी, उनकी जानकारी जुटाई। रकम की निकासी, एटीएम के सीसीटीवी फुटेज और निकासी स्थलों का तकनीकी विश्लेषण किया गया। जांच में आरोपियों के झारखंड के जामताड़ा जिले का निवासी होने की जानकारी मिली। आरोपियों के लगातार ठिकाने बदलने के बावजूद पुलिस ने उनकी लोकेशन कोलकाता में ट्रेस की।

इसके बाद निरीक्षक सागर पाठक के नेतृत्व में टीम को कोलकाता भेजा गया। पुलिस के अनुसार, टीम ने पार्क स्ट्रीट क्षेत्र के करीब 200 होटलों में जानकारी जुटाकर आरोपियों की पहचान की और स्थानीय पुलिस की मदद से घेराबंदी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

दोनों आरोपियों से बड़ी संख्या में एटीएम कार्ड बरामद

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सहबाज अंसारी (34 वर्ष), निवासी कोरीडी, जिला जामताड़ा, और जियाउल हक (36 वर्ष), निवासी मानपुर, कोईडीह-2, जिला जामताड़ा, झारखंड के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 82 एटीएम कार्ड, 6 मोबाइल फोन, 5 सिम कार्ड, 25 हजार रुपये नकद तथा क्रोमा के ईयरपॉड, हेडफोन, पावर बैंक और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामग्री जब्त की है। आरोपियों को न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड प्राप्त कर बस्तर लाया गया है।

पुलिस अब जब्त एटीएम कार्ड और मोबाइल नंबरों के आधार पर अन्य जिलों तथा राज्यों में आरोपियों की संभावित साइबर अपराधों में संलिप्तता की जानकारी जुटा रही है।

बस्तर पुलिस ने नागरिकों से की सतर्क रहने की अपील

बस्तर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि पेंशन कार्ड, पेंशन सेटलमेंट या अन्य सरकारी लाभ दिलाने के नाम पर सोशल मीडिया पर आने वाले अनजान विज्ञापनों और लिंक पर भरोसा न करें। किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ आधार कार्ड, पैन कार्ड, एटीएम कार्ड, बैंक खाते या अन्य निजी जानकारी साझा न करें।

पेंशन संबंधी योजनाओं की पुष्टि संबंधित विभाग या अधिकृत कार्यालय से करें। सोशल मीडिया खातों पर टू-स्टेप वेरिफिकेशन सक्रिय रखें और संदिग्ध गतिविधियों से सावधान रहें। किसी भी प्रकार की साइबर या वित्तीय ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि ठगी की रकम को रोकने के लिए समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *