समस्तीपुर 16नवंबर2026/बिहार के समस्तीपुर जिले में छठ पूजा की तैयारियों के बीच एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। पूजा के लिए तैयार किया जा रहा प्रसाद खाने पर नाराज मां ने अपनी चार साल की मासूम बेटी की कथित तौर पर पिटाई कर दी। बच्ची की तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य छठ पूजा की व्यवस्था के लिए घाट पर गए हुए थे। घर में रीना कुमारी पूजा के लिए प्रसाद तैयार कर रही थी। इसी दौरान उसकी चार साल की बेटी सुहानी ने वहां रखी खाने की एक चीज को छूकर खा लिया। इस बात से नाराज होकर मां ने कथित तौर पर बच्ची की पिटाई कर दी।
पिटाई के बाद सुहानी की तबीयत बिगड़ने लगी। मां उसे इलाज के लिए एक निजी नर्सिंग होम लेकर पहुंची, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बेटी की मौत से परिवार में मातम
बच्ची के पिता राजू पासवान ने घटना के बाद पत्नी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने पुलिस को दिए बयान में कहा कि बेटी की मौत के बाद परिवार पूरी तरह टूट गया है। अब वह अपने अन्य बच्चों की परवरिश खुद करेंगे। दंपती के तीन बच्चे हैं, जिनमें सात साल की शिवानी और डेढ़ साल का राजा कुमार शामिल हैं।
पुलिस ने मां को किया गिरफ्तार
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेजा। थाना प्रभारी राकेश कुमार के अनुसार, मामले में आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।