बस्तर ओलम्पिक में खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला, चिंगपाल पहुंचे कमिश्नर डोमन सिंह

फुटबॉल फाइनल से पहले खिलाड़ियों से की मुलाकात, सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

जगदलपुर, 16 नवम्बर 2026। बस्तर संभाग में ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए आयोजित बस्तर ओलम्पिक के तहत सोमवार को दरभा विकासखंड के चिंगपाल में खंड स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कमिश्नर बस्तर डोमन सिंह पहुंचे और खेल मैदान सहित खिलाड़ियों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

कमिश्नर ने अधिकारियों से खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध पेयजल, भोजन, ठहरने और चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए। खेल के दौरान किसी खिलाड़ी के चोटिल होने या स्वास्थ्य संबंधी परेशानी आने पर तत्काल उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

इस दौरान कमिश्नर डोमन सिंह ने सीनियर बालक वर्ग के छिंदावाड़ा और चिंगपाल के बीच होने वाले फुटबॉल फाइनल मुकाबले के खिलाड़ियों से मुलाकात की। उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया और बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना, अनुशासन और टीम भावना के साथ मैदान में उतरने की अपील की। कमिश्नर ने कहा कि बस्तर ओलम्पिक ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का महत्वपूर्ण मंच दे रहा है।

बस्तर ओलम्पिक के माध्यम से स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में खिलाड़ी और ग्रामीणजन शामिल हुए।

इस अवसर पर सहायक संचालक खेल एवं युवा कल्याण विभाग सुशांत पाल, सीईओ जनपद पंचायत एमआर कश्यप, अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *