शराब भट्ठी के सुपरवाइजर की मौत, आखिरी मैसेज में दो कर्मचारियों पर लगाए गंभीर आरोप

रायपुर16नवंबर2026/ मांढर स्थित शराब भट्ठी में पदस्थ सुपरवाइजर प्रशांत वर्मा की उनके सिलतरा बाजार चौक स्थित घर में मौत हो गई। घटना से पहले उन्होंने अपनी पत्नी और मां को मोबाइल पर एक संदेश भेजा, जिसमें उन्होंने अपनी परेशानी का जिक्र करते हुए मांढर शराब भट्ठी में काम करने वाले दो कर्मचारियों को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार बताया।

बताया गया है कि संदेश में प्रशांत ने जोनल आबकारी अधिकारी और मैनपावर कंपनी के अधिकारियों पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले की सूचना मिलते ही सिलतरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस मोबाइल संदेश की सामग्री और उसमें लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। संबंधित कर्मचारियों, आबकारी विभाग और मैनपावर कंपनी से जुड़े लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि प्रशांत किन परिस्थितियों से गुजर रहे थे और संदेश में लगाए गए आरोपों की वास्तविकता क्या है। मामले को लेकर शराब दुकानों के संचालन और कर्मचारियों से जुड़े कामकाज पर भी सवाल उठ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *