छत्तीसगढ़ बोर्ड परीक्षाओं का टाइमटेबल जारी, 10वीं की 13 मार्च और 12वीं की 12 मार्च से होगी परीक्षा

रायपुर, 19 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) ने वर्ष 2027 की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं का टाइमटेबल जारी कर दिया है। जारी कार्यक्रम के अनुसार, कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षाएं 13 मार्च से 5 अप्रैल 2027 तक और कक्षा 12वीं की परीक्षाएं 12 मार्च से 8 अप्रैल 2027 तक आयोजित की जाएंगी। परीक्षा को लेकर छात्रों को अब विषयवार तैयारी और रिवीजन के लिए स्पष्ट शेड्यूल मिल गया है।

10वीं की परीक्षा 13 मार्च से शुरू होगी। हाईस्कूल की परीक्षा तीसरी भाषा के प्रश्नपत्र से शुरू होगी। इसके बाद अंग्रेजी, सामाजिक विज्ञान, विज्ञान, हिंदी और गणित सहित विभिन्न विषयों की परीक्षाएं होंगी। गणित का पेपर 30 मार्च को और व्यावसायिक विषयों की परीक्षा 1 अप्रैल को निर्धारित है।

वहीं 12वीं की परीक्षा 12 मार्च से हिंदी के पेपर के साथ शुरू होगी। इसके बाद 15 मार्च को राजनीति विज्ञान, रसायन विज्ञान, लेखाशास्त्र सहित अन्य विषयों की परीक्षाएं होंगी। जीव विज्ञान और अर्थशास्त्र की परीक्षा 19 मार्च, गणित की 29 मार्च, अंग्रेजी की 31 मार्च और अंतिम परीक्षा मनोविज्ञान की 8 अप्रैल 2027 को होगी।

सुबह 9:15 बजे से होगी परीक्षा

छत्तीसगढ़ बोर्ड की परीक्षाएं सुबह 9:15 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित की जाएंगी। छात्रों को परीक्षा केंद्र पर सुबह 8 बजे तक पहुंचना होगा। उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण सुबह 9:05 बजे और प्रश्नपत्र 9:10 बजे दिए जाएंगे। विद्यार्थियों को परीक्षा से पहले अपने एडमिट कार्ड में दर्ज परीक्षा केंद्र और अन्य जरूरी निर्देश जरूर जांच लेने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *