किसानों, युवाओं और ऊर्जा क्षेत्र को बड़ी सौगात, डबल इंजन सरकार के ऐतिहासिक फैसलों का वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने किया स्वागत

रायपुर | 1 अगस्त 2026छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा है कि डबल इंजन सरकार किसानों, युवाओं और देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए लगातार ऐतिहासिक फैसले ले रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों का स्वागत करते हुए कहा कि ये फैसले कृषि, खेल और ऊर्जा क्षेत्र को नई दिशा देंगे।

वित्त मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना को वर्ष 2030-31 तक जारी रखने की मंजूरी दी गई है। इस योजना के लिए 3.15 लाख करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे करोड़ों किसानों को आर्थिक संबल मिलेगा और कृषि क्षेत्र को मजबूती मिलेगी। उन्होंने इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार भी व्यक्त किया।

ओपी चौधरी ने कहा कि केंद्र सरकार ने 5,070 करोड़ रुपये की लागत से प्रधानमंत्री सूर्य सरोवर योजना को भी मंजूरी दी है। इसके तहत देशभर में 5,000 मेगावाट क्षमता की फ्लोटिंग सोलर परियोजनाएं विकसित की जाएंगी, जिससे स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन बढ़ेगा, जलाशयों का बेहतर उपयोग होगा और देश ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ेगा।

उन्होंने कहा कि 36,441 करोड़ रुपये के परिव्यय वाली नई खेलो इंडिया योजना देश के युवा खिलाड़ियों के लिए बड़ी उपलब्धि साबित होगी। इस योजना के माध्यम से खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण, उच्चस्तरीय कोचिंग, खेल विज्ञान, अत्याधुनिक उपकरण, प्रशिक्षण शिविर और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए व्यापक वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

वित्त मंत्री ने विश्वास जताया कि डबल इंजन सरकार के इन फैसलों से किसानों की आय बढ़ाने, युवाओं को बेहतर अवसर देने और भारत को ऊर्जा एवं खेल के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *