जगदलपुर में गांजा तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, 8.1 किलो गांजा के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

जगदलपुर12अगस्त 2026/नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बस्तर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा परिवहन कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 8.100 किलोग्राम गांजा, एक पुरानी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और दो टच स्क्रीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 4.55 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, थाना बोधघाट क्षेत्र में मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक मोटरसाइकिल से गांजा लेकर जगदलपुर की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गोरिया बहार नाला के पास घेराबंदी कर संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोका।

तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल सवार दीपक बघेल (28) निवासी झार उमर गांव और भूपेन्द्र कश्यप (25) निवासी बोरपदर ठोठापारा, जगदलपुर के कब्जे से 8.100 किलो गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी गांजा रखने और परिवहन करने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार किया। इसके बाद आरोपियों को न्यायिक रिमांड के लिए विशेष न्यायालय, एनडीपीएस जगदलपुर के समक्ष पेश किया गया।

पुलिस का कहना है कि युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से रोकने और नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *