रायपुर 7अक्टूबर2026/ डीडी नगर इलाके में मंगलवार को एक आक्रामक सांड ने जमकर उत्पात मचाया। कंचनगंगा फेस-2, सेक्टर-2 और बंजारी नगर क्षेत्र में सांड ने करीब 15 लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सांड घर के बाहर बच्चे को गोद में लिए खड़े एक बुजुर्ग पर अचानक हमला करता दिखाई दे रहा है। हमले के दौरान बच्चा सड़क पर गिर गया, जबकि बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों में पूर्व महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कल्पना पटेल भी शामिल हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं बुजुर्ग देवनारायण शर्मा का इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
सांड को पकड़ने के लिए नगर निगम की टीम काउ कैचर लेकर पहुंची, लेकिन काफी प्रयास के बाद भी उसे काबू नहीं किया जा सका। इसके बाद वन विभाग, जंगल सफारी और पशु चिकित्सा टीम को बुलाया गया। टीम ने ट्रैंक्विलाइजर डार्ट की मदद से सांड को बेहोश कर सुरक्षित रूप से पकड़ लिया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सांड को करीब दो महीने पहले एक कुत्ते ने काटा था। इसके बाद उसके आक्रामक व्यवहार को लेकर रेबीज की आशंका जताई जा रही थी। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना के बाद इलाके में आवारा मवेशियों की समस्या को लेकर लोगों में नाराजगी है। कांग्रेस के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने भी इस मामले को लेकर नगर निगम की व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।