शहडोल:7अक्टूबर2026/ मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र के कोठिया गांव में पारिवारिक विवाद के बाद हुई हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। 2 अक्टूबर को नंदकुमार सिंह गोंड ने कथित तौर पर मामूली विवाद के बाद अपने बेटे सिंहराज सिंह गोंड पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया था। गंभीर चोट लगने से बेटे की मौत हो गई।
वारदात के बाद नंदकुमार जंगल में जाकर छिप गया। इसी दौरान उसने अपने भतीजे को फोन किया और बेटे की हत्या को लेकर पछतावा जताते हुए कहा कि उससे बहुत बड़ी गलती हो गई है और वह अपने किए पर शर्मिंदा है। इसके बाद उसने मोबाइल बंद कर लिया।
पुलिस उसकी तलाश कर ही रही थी कि मंगलवार को कोठिया गांव से करीब तीन किलोमीटर दूर जंगल के पास एक शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान नंदकुमार सिंह गोंड के रूप में की। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
इस घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है। एक ही परिवार में बेटे की हत्या और उसके बाद पिता की मौत की घटना से ग्रामीण भी स्तब्ध हैं।