जगदलपुर में दो दिनों तक होगा खेलों का रोमांच, 9 विधाओं में खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम
जगदलपुर, 14 नवंबर 2026। बस्तर में खेल प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से बस्तर ओलंपिक की खंड स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 16 एवं 17 नवंबर को किया जाएगा। जगदलपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत धुरगुड़ा स्थित खेल मैदान में दो दिवसीय खेल स्पर्धाएं आयोजित होंगी, जिसमें विभिन्न खेल विधाओं के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, तीरंदाजी, बैडमिंटन, फुटबॉल, हॉकी, वेटलिफ्टिंग, कराटे, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल और रस्साकशी सहित कुल 11 खेल विधाएं शामिल हैं। इनमें से 9 विधाओं की प्रतियोगिताएं विकासखंड स्तर पर होंगी, जबकि हॉकी और वेटलिफ्टिंग की स्पर्धाएं जिला स्तर पर आयोजित की जाएंगी।
जनपद पंचायत जगदलपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी बीरेन्द्र बहादुर ने बताया कि बैडमिंटन और कराटे की प्रतियोगिताएं इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम जगदलपुर में आयोजित होंगी। वहीं तीरंदाजी की स्पर्धा क्रीड़ा परिसर धरमपुरा में होगी। शेष खेल विधाओं के मुकाबले धुरगुड़ा खेल मैदान में संपन्न होंगे।
आयोजन में प्रतिभागियों के साथ आम नागरिकों को भी उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने और बस्तर ओलंपिक में सहभागिता निभाने के लिए आमंत्रित किया गया है।