रायपुर, 14 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा को मजबूत बनाने में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने उन्हें प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य का शिल्पकार बताते हुए उनके समर्पण और सेवाभाव की सराहना की।
सिविल लाइन्स स्थित सर्किट हाउस में महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला रायपुर द्वारा आयोजित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका सम्मान समारोह में जमीनी स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि आंगनबाड़ी केवल एक केंद्र नहीं, बल्कि बच्चे के जीवन की पहली पाठशाला है। यहां से बच्चों के सुरक्षित, स्वस्थ और सुपोषित भविष्य की नींव रखी जाती है। आंगनबाड़ी कर्मी गर्भवती महिलाओं की देखभाल, बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण और प्रारंभिक शिक्षा जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाती हैं।
उन्होंने कहा कि दूरस्थ गांवों और कठिन परिस्थितियों में भी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं शासन की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का काम कर रही हैं। उनके प्रयासों से महिलाओं और बच्चों को जरूरी सेवाओं का लाभ मिल रहा है।
मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार महिलाओं, बच्चों और पोषण के क्षेत्र में लगातार काम कर रही है। महतारी वंदन योजना, कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान और ‘हर घर मुनगा’ जैसी पहल के माध्यम से सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि कोई भी बच्चा कुपोषण का शिकार न हो और प्रत्येक गर्भवती महिला को उचित पोषण एवं स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें।
समारोह में उपस्थित लोगों ने बाल विवाह रोकने की शपथ भी ली। मंत्री ने सम्मानित कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को बधाई देते हुए कहा कि यह आयोजन उनके परिश्रम, त्याग और सेवाभाव के प्रति सम्मान प्रकट करने का अवसर है।
कार्यक्रम में राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इसके अलावा जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, उपाध्यक्ष संदीप यदु, महिला एवं बाल विकास विभाग की सभापति शैल महेंद्र साहू, जिला कार्यक्रम अधिकारी शैल ठाकुर सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं उपस्थित रहीं।