रायपुर में सेन शक्ति सम्मेलन: मुख्यमंत्री साय ने की बड़ी घोषणाएं, सामुदायिक भवन के लिए 50 लाख की सौगात

रायपुर 08 अगस्त 2026 | में आयोजित सेन शक्ति सम्मेलन एवं केश शिल्पी सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सेन समाज के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने सेन समाज के सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपये देने की घोषणा की। साथ ही संत शिरोमणि सेन जी महाराज के नाम पर नया रायपुर में चौक का नामकरण किए जाने की भी घोषणा की।

चिकित्सा महाविद्यालय परिसर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सेन समाज का इतिहास गौरवशाली रहा है और समाज ने भारतीय सामाजिक व्यवस्था, संस्कारों तथा सामाजिक समरसता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि जन्म से लेकर विवाह और मृत्यु तक विभिन्न सामाजिक संस्कारों में सेन समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केश शिल्पियों के कल्याण के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। सेन समाज और पारंपरिक व्यवसायों से जुड़े लोगों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि समाज की वर्तमान आवश्यकताओं और मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।

संत शिरोमणि सेन जी महाराज के नाम पर होगा चौक

मुख्यमंत्री ने सम्मेलन के दौरान घोषणा की कि नया रायपुर में संत शिरोमणि सेन जी महाराज के नाम पर एक चौक का नामकरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि नामकरण की प्रक्रिया के लिए कमेटी गठित की गई है। मुख्यमंत्री ने सेन समाज के विकास और कल्याण के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।

कर्पूरी ठाकुर के योगदान को किया याद

मुख्यमंत्री साय ने भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने वंचित वर्गों के अधिकार और सामाजिक न्याय के लिए महत्वपूर्ण संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि कर्पूरी ठाकुर जैसे महापुरुष सेन समाज के लिए गौरव और प्रेरणा का विषय हैं।

कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने भी सेन समाज की सामाजिक भूमिका और योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि सेन समाज लंबे समय से सामाजिक व्यवस्था और विभिन्न संस्कारों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है।

सरकार की योजनाओं की भी दी जानकारी

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी भी साझा की। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना, रामलला दर्शन योजना, भूमिहीन कृषि मजदूरों को सहायता, युवाओं को रोजगार और नई औद्योगिक नीति के तहत निवेश जैसे विषयों का उल्लेख किया।

उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की लगभग 70 लाख माताओं-बहनों को हर महीने 1000 रुपये की राशि दी जा रही है। वहीं प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत प्रदेश में करीब 80 हजार घरों में सोलर सिस्टम लगाए जाने की जानकारी दी।

सेवा सेतु और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन का भी उल्लेख

मुख्यमंत्री ने नागरिकों की सुविधा के लिए शुरू की गई सेवा सेतु व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके माध्यम से 36 विभागों की 700 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के जरिए घर बैठे शिकायत दर्ज कराने की सुविधा की भी जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सेन समाज के प्रशिक्षित युवाओं को किट का वितरण भी किया। समारोह में बड़ी संख्या में सेन समाज के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *