रायपुर, 08 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को आर्थिक सहायता देने का सिलसिला जारी है। योजना की 30वीं किस्त के रूप में प्रदेश की 67 लाख 20 हजार 125 महिलाओं के बैंक खातों में 630.55 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से अंतरित की गई।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। योजना के माध्यम से पात्र महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता मिल रही है, जिससे वे अपनी आवश्यक जरूरतों को पूरा करने के साथ परिवार की आर्थिक व्यवस्था में भी योगदान दे रही हैं।
वित्त मंत्री के अनुसार, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक आत्मनिर्भरता के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना से प्रदेश की लाखों महिलाओं को सीधे लाभ मिल रहा है और यह योजना महिला सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
सरकार के मुताबिक, योजना का उद्देश्य महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर उन्हें आर्थिक रूप से अधिक सक्षम और आत्मनिर्भर बनाना है।