दंतेवाड़ा, 11 फरवरी 2026।
जिला दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के सख्त पालन के लिए पुलिस द्वारा लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना किरंदुल पुलिस ने तेज आवाज वाले कस्टमाइज्ड सायलेंसर लगाकर ध्वनि प्रदूषण करने वाले 5 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की है।
पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.के. बर्मन एवं एसडीओपी कमलजीत पाटले के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी किरंदुल संजय यादव एवं उनकी टीम द्वारा 10 फरवरी 2026 को किरंदुल शहर में सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान कुछ युवाओं को बुलेट मोटरसाइकिल में कस्टमाइज्ड सायलेंसर लगाकर तेज ध्वनि उत्पन्न करते पाया गया, जिससे ध्वनि प्रदूषण हो रहा था।
पुलिस ने वाहन क्रमांक CG-18-L-1808, CG-04-LP-7261, CG-12-M-9531, CG-19-BD-0663 एवं CG-18-J-8975 के चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 182(क)4 के तहत कार्रवाई करते हुए प्रत्येक पर 5-5 हजार रुपये का चालान किया। इस प्रकार कुल 25,000 रुपये की चालानी वसूली की गई।
कार्रवाई के दौरान कस्टमाइज्ड सायलेंसर को मौके पर ही हटवा दिया गया तथा संबंधित वाहन चालकों को भविष्य में दोबारा ऐसे सायलेंसर न लगाने की सख्त हिदायत दी गई। साथ ही यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश भी दी गई।
किरंदुल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा और आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
तेज आवाज वाले सायलेंसर पर सख्ती: किरंदुल में 5 बुलेट चालकों पर 25 हजार का चालानकस्टमाइज्ड सायलेंसर मौके पर हटाए गए, दोबारा नियम उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी