छत्तीसगढ़ में 2,292 शिक्षक पदों पर भर्ती का रास्ता साफ, हाईकोर्ट ने हटाई रोक

21नवंबर2026/

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में सरकारी शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे हजारों युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। बिलासपुर हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच ने शिक्षक भर्ती परीक्षा पर लगी अंतरिम रोक हटा दी है। इस फैसले के बाद प्रदेश में 2,292 शिक्षक पदों पर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ने का रास्ता साफ हो गया है।

दरअसल, शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में आरक्षण रोस्टर और दिव्यांग अभ्यर्थियों को दिए जाने वाले आरक्षण के प्रावधानों को लेकर हाईकोर्ट में याचिकाएं दायर की गई थीं। इन प्रावधानों को चुनौती दिए जाने के बाद अदालत ने भर्ती परीक्षा पर अंतरिम रोक लगा दी थी। इसके चलते भर्ती प्रक्रिया अटक गई थी और परीक्षा की तैयारी कर रहे हजारों अभ्यर्थियों को इंतजार करना पड़ रहा था।

अब मुख्य न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच ने अंतरिम रोक हटाने का फैसला सुनाया है। इससे भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का रास्ता खुल गया है।

हालांकि, हाईकोर्ट के फैसले के बाद अभी परीक्षा की तारीख घोषित नहीं की गई है। अब अभ्यर्थियों की नजरें स्कूल शिक्षा विभाग पर टिकी हैं। युवाओं को उम्मीद है कि विभाग जल्द ही भर्ती का अगला कार्यक्रम जारी करेगा और 2,292 पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

फिलहाल हाईकोर्ट से राहत मिलने के बाद शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं में नई उम्मीद जगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *