जगदलपुर, 14 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजना के तहत संचालित प्रयास आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 9वीं में प्रवेश की प्रक्रिया आगे बढ़ गई है। प्रवेश परीक्षा का परिणाम जारी होने के बाद अब द्वितीय चरण की काउंसलिंग 16 से 20 अगस्त तक आयोजित की जाएगी।
आदिवासी विकास विभाग के अनुसार पात्र छात्र-छात्राओं की सूची विभागीय पोर्टल पर जारी कर दी गई है। मेरिट सूची में आवंटित संबंधित प्रयास आवासीय विद्यालयों में काउंसलिंग प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक होगी।
मूल दस्तावेज लेकर पहुंचना होगा
काउंसलिंग के लिए चयनित विद्यार्थियों को निर्धारित तिथि और समय पर व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर आवश्यक मूल दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। इनमें कक्षा 8वीं में न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक वाली अंकसूची, प्रधानपाठक अथवा प्राचार्य द्वारा जारी अध्ययनरत होने का सत्यापन प्रमाण पत्र और जाति प्रमाण पत्र प्रमुख हैं। विशेष पिछड़ी जनजाति के अभ्यर्थियों को संबंधित प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत करना होगा।
नक्सल पीड़ित परिवारों के बच्चों के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी प्रमाण पत्र तथा अल्पसंख्यक वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 10 रुपये के नॉन-ज्यूडिशियल स्टाम्प पेपर पर नोटरीकृत सत्यापन शपथ पत्र आवश्यक होगा।
विशेष श्रेणी के विद्यार्थियों को भी प्रमाण पत्र जरूरी
दिव्यांग, अनाथ, विधवा या परित्यक्ता माता की संतान तथा देश सेवा और कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए पुलिस, अर्द्धसैनिक एवं सशस्त्र बलों के जवानों के बच्चों को अपनी संबंधित श्रेणी का वैध प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा।
काउंसलिंग पूरी होने और विद्यालय में प्रवेश की अंतिम पात्रता मिलने के बाद विद्यार्थियों को दो दिनों के भीतर जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा प्रतिहस्ताक्षरित स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) और जिला चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी सिकलसेल जांच रिपोर्ट जमा करना अनिवार्य होगा।
प्रवेश से संबंधित विस्तृत जानकारी और पात्र अभ्यर्थियों की सूची के लिए विभागीय पोर्टल eklavya.cg.nic.in का अवलोकन किया जा सकता है।