दंतेवाड़ा, 14 अगस्त 2026। दंतेवाड़ा पुलिस ने नागरिकों को बड़ी सौगात देते हुए गुम हुए 121 मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को वापस लौटाए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत 26 लाख रुपये से अधिक बताई गई है। पुलिस ने यह कार्रवाई “इया आपलो सामान निया” अभियान के तहत की।
पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन सिंह (भापुसे.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेंद्र खूंटे (रा.पु.से.) तथा साइबर सेल नोडल अधिकारी उप पुलिस अधीक्षक ठाकुर गौरव सिंह के मार्गदर्शन में गुम मोबाइल तलाश अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत CEIR पोर्टल की मदद से गुम हुए मोबाइलों को ट्रेस कर बरामद किया गया।
पड़ोसी जिलों से भी बरामद हुए मोबाइल
दंतेवाड़ा पुलिस ने सिर्फ जिले में ही नहीं, बल्कि जगदलपुर, सुकमा, बीजापुर और कोंडागांव सहित पड़ोसी क्षेत्रों से गुम हुए मोबाइल फोन भी तलाश कर बरामद किए। मोबाइल वापस मिलने पर नागरिकों ने दंतेवाड़ा पुलिस के प्रति आभार जताया।
साइबर अपराध की शिकायत के लिए हेल्पलाइन जारी
पुलिस ने आम नागरिकों की सुविधा के लिए साइबर हेल्पलाइन नंबर 9479151665 जारी किया है। इसके अलावा भारत सरकार की 1930 हेल्पलाइन और cybercrime.gov.in के माध्यम से भी साइबर अपराध की शिकायत दर्ज की जा सकती है।
दंतेवाड़ा पुलिस ने “साइबर हेल्पलाइन दंतेवाड़ा” नाम से व्हाट्सऐप अकाउंट भी बनाया है। नागरिक व्हाट्सऐप के जरिए अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। शिकायत मिलने के बाद उसे साइबर पोर्टल पर दर्ज कर व्हाट्सऐप के माध्यम से ही एक्नॉलेजमेंट नंबर उपलब्ध कराया जाएगा।
“साइबर संगवारी दंतेवाड़ा” से मिलेगी रोजाना जागरूकता की जानकारी
साइबर अपराधों और उनसे बचाव को लेकर लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से “साइबर संगवारी दंतेवाड़ा” नाम से व्हाट्सऐप चैनल भी बनाया गया है। इस चैनल के माध्यम से प्रतिदिन साइबर अपराध और उसकी रोकथाम से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की जाएंगी।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि संदिग्ध व्हाट्सऐप कॉल, मैसेज, लिंक या बैंक और सोशल मीडिया अकाउंट पर किसी भी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन 9479151665 पर संपर्क करें।
दंतेवाड़ा पुलिस का संदेश है—“सुरक्षा ही सावधानी है और सावधानी ही साइबर अपराध से बचाव है।”