बलौदाबाजार में बिजली चोरी पर बड़ा एक्शन, 176 कनेक्शन जांचे तो 86 में मिली गड़बड़ी

बलौदाबाजार 20सितम्बर 2026/बिजली चोरी और अनधिकृत रूप से बिजली इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) ने विशेष जांच अभियान चलाया। बलौदाबाजार विद्युत संभाग के बलौदाबाजार, पलारी और लवन उपसंभाग में चलाए गए अभियान के दौरान 176 विद्युत कनेक्शनों की जांच की गई, जिसमें 86 मामलों में अनधिकृत विद्युत उपयोग या बिजली चोरी सामने आई।

अभियान के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की 17 जांच टीमें गठित की गई थीं। इन टीमों ने 10 वितरण केंद्रों के अंतर्गत आने वाले कनेक्शनों की जांच की। खास तौर पर ऐसे कनेक्शनों पर फोकस किया गया, जिन्हें बकाया बिजली बिल के कारण ऑनलाइन या रिमोट तरीके से डिस्कनेक्ट किया जा चुका था।

कनेक्शन कटने के बाद भी बिजली का इस्तेमाल

विभाग के मुताबिक, जांच में कुछ ऐसे मामले सामने आए जहां कनेक्शन काटे जाने के बावजूद बिजली का अनधिकृत रूप से उपयोग किया जा रहा था। ऐसे मामलों में अब संबंधित उपभोक्ताओं के खिलाफ विद्युत अधिनियम की धारा 135 और 138 के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। मामलों को अपराध दर्ज कराने के लिए संबंधित थानों में प्रस्तुत किया जाएगा।

आगे भी जारी रहेगा जांच अभियान

मुख्य अभियंता ए.के. लखेरा के निर्देश पर 17 टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर मीटर और कनेक्शन की स्थिति की जांच की। अधीक्षण अभियंता जी.पी. अनंत ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे केवल वैध मीटर कनेक्शन के जरिए बिजली का उपयोग करें और बिजली बिल का समय पर भुगतान करें। उन्होंने बताया कि इस तरह के जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

विभाग के अनुसार, बकाया राशि होने पर वर्तमान में शासकीय और निजी दोनों तरह के विद्युत कनेक्शनों को ऑनलाइन और रिमोट पद्धति से डिस्कनेक्ट किया जा रहा है। हालांकि जिला प्रशासन के निर्देश के अनुसार फिलहाल स्कूलों, आश्रम शालाओं और हॉस्टलों के कनेक्शन बकाया राशि के कारण नहीं काटे गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *