सोनभद्र: लोढ़ी टोल प्लाजा पर बवाल, महिला अधिवक्ता से मारपीट के आरोप के बाद भड़के वकील, जमकर हुआ प्रदर्शन

सोनभद्र (उत्तर प्रदेश)।
सोनभद्र जिले के रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत लोढ़ी स्थित टोल प्लाजा पर सोमवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब टोल कर्मियों द्वारा एक महिला अधिवक्ता और उनके परिजनों के साथ कथित मारपीट व दुर्व्यवहार का मामला सामने आया। घटना के विरोध में अधिवक्ताओं और सवर्ण आर्मी के कार्यकर्ताओं ने टोल प्लाजा पर जोरदार प्रदर्शन किया, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला अधिवक्ता गरिमा सिंह अपने परिजनों के साथ सोनभद्र नगर से वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग होते हुए ओबरा की ओर जा रही थीं। सोमवार शाम करीब 3:30 बजे लोढ़ी टोल प्लाजा पर लंबा जाम लगा हुआ था। काफी देर तक जाम में फंसे रहने के बाद जब उनके परिजन टोल कर्मियों से विलंब का कारण पूछने पहुंचे, तो कहासुनी शुरू हो गई।
आरोप है कि मामूली विवाद के बाद 4-5 टोल कर्मियों ने परिजन के साथ मारपीट शुरू कर दी। जब महिला अधिवक्ता गरिमा सिंह ने बीच-बचाव कर विरोध किया, तो उनके साथ भी अभद्रता, धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। इस घटना में महिला अधिवक्ता समेत तीन लोग घायल हो गए।
महिला अधिवक्ता के साथ हुई इस कथित बदसलूकी की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में अधिवक्ता और सवर्ण आर्मी के पदाधिकारी मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने टोल कर्मियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और टोल प्लाजा परिसर में प्रदर्शन किया। इस दौरान कुछ केबिनों और संपत्ति को नुकसान पहुंचने की भी सूचना है।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि दोषी टोल कर्मियों के खिलाफ तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और उन्हें गिरफ्तार किया जाए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रण में लिया।
पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। टोल प्लाजा पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि घटना में शामिल आरोपियों की पहचान की जा सके। फिलहाल क्षेत्र में पुलिस बल तैनात है और स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *