जगदलपुर, 05 जून 2026। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सेडवा स्थित 241 बस्तरिया बटालियन मुख्यालय में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प के साथ बटालियन परिसर में कुल 165 पौधों का रोपण किया गया। इस दौरान अधिकारियों और जवानों ने न केवल पौधे लगाए, बल्कि उनके संरक्षण और देखभाल की जिम्मेदारी भी लेने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि द्वितीय कमान अधिकारी संजय कुमार ने उपस्थित अधिकारियों एवं जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि आज पूरी दुनिया जलवायु परिवर्तन और बढ़ते प्रदूषण जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रही है। ऐसे समय में पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण देने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझते हुए पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। वृक्ष न केवल शुद्ध वायु प्रदान करते हैं, बल्कि पृथ्वी पर जीवन के संतुलन को बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर उप कमांडेंट निरंजन कुमार निराला एवं प्रमोद कुमार मीना सहित बटालियन के सभी अधीनस्थ अधिकारी और बड़ी संख्या में जवान उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण के प्रति उत्साह और जागरूकता का विशेष माहौल देखने को मिला।
विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित यह अभियान प्रकृति संरक्षण के प्रति 241 बस्तरिया बटालियन की प्रतिबद्धता और सामाजिक उत्तरदायित्व का सशक्त उदाहरण बनकर सामने आया।