जगदलपुर, 05 जून 2026। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति संवर्धन के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सिंदूर वाटिका में पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जनजातीय गौरव वाटिका के सामने स्थित सिंदूर वाटिका में आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने पौधे लगाकर हरित एवं स्वच्छ भविष्य का संदेश दिया।
कार्यक्रम में बस्तर के सांसद महेश कश्यप, कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर वन मंडलाधिकारी उत्तम गुप्ता, अपर कलेक्टर सी.पी. बघेल सहित वन विभाग के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, पर्यावरण प्रेमियों और नागरिकों ने भी पौधरोपण कर प्रकृति संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व से अवगत कराते हुए हर व्यक्ति को पौधरोपण अभियान से जुड़ने और धरती को हरा-भरा बनाने का संदेश दिया गया।
विश्व पर्यावरण दिवस पर सिंदूर वाटिका में हुआ यह पौधरोपण कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी का प्रेरणादायी उदाहरण बनकर सामने आया।