बेंगलुरु/कैलिफोर्निया: अमेरिका में पढ़ाई कर रहे कर्नाटक के युवा छात्र साकेत श्रीनिवासैया पिछले पांच दिनों से लापता हैं। वे कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय, बर्कले में केमिकल और बायोमॉलिक्यूलर इंजीनियरिंग में मास्टर्स कर रहे थे। जानकारी के अनुसार 9 फरवरी को उनका संपर्क अचानक टूट गया, जिसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल पाया है।
बताया जा रहा है कि उन्हें आखिरी बार अंजा झील के आसपास देखा गया था, जो कैलिफोर्निया के बर्कले क्षेत्र की पहाड़ियों में स्थित है। खोज के दौरान पास ही टिल्डेन रीजनल पार्क के निकट एक बैग मिला, जिसमें उनका पासपोर्ट और लैपटॉप सुरक्षित मिले हैं। इससे मामले को लेकर रहस्य और गहरा गया है।
घटना की सूचना मिलने के बाद भारतीय वाणिज्य दूतावास, सैन फ्रांसिस्को सक्रिय हो गया है। दूतावास ने बताया कि वह परिवार और स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में है तथा छात्र की तलाश में हर संभव सहायता दी जा रही है। दोस्तों और परिचितों ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी साझा कर मदद की अपील की है।
साकेत ने 2025 में आईआईटी मद्रास से केमिकल इंजीनियरिंग में बीटेक पूरा किया था। परिवार समेत भारतीय समुदाय में चिंता बढ़ती जा रही है, जबकि स्थानीय एजेंसियां गहन सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।
बर्कले हिल्स से रहस्यमय ढंग से गायब भारतीय छात्र: तलाश जारी, पासपोर्ट-लैपटॉप मिला बैग