बीजापुर में सुरक्षा बलों का बड़ा एक्शन: अलग-अलग इलाकों में 5 माओवादी स्मारक ध्वस्त

बीजापुर/, 14 /02/2026।जिले में चलाए जा रहे सघन नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई करते हुए अलग-अलग थाना क्षेत्रों में माओवादियों द्वारा पूर्व में बनाए गए कुल 5 अवैध स्मारकों को ध्वस्त कर दिया गया। इस कार्रवाई को माओवादियों के प्रचार-प्रसार और मनोवैज्ञानिक प्रभाव को खत्म करने की दिशा में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना तर्रेम क्षेत्र में केरिपु 168 एवं 153 वाहिनी की संयुक्त टीम ने मंडीमरका के जंगलों में सर्चिंग के दौरान एक अवैध माओवादी स्मारक चिन्हित किया, जिसे सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए नष्ट कर दिया गया।
वहीं थाना उसूर क्षेत्र के मारूड़बाका जंगल में अभियान के दौरान केरिपु 229 वाहिनी और कोबरा 204 की संयुक्त टीम ने माओवादियों द्वारा बनाए गए दो स्मारकों को ध्वस्त किया। इसके अलावा पाउरगुड़ा और सिंगनपल्ली के जंगल क्षेत्र में केरिपु 229 वाहिनी की कार्रवाई में दो अन्य अवैध स्मारकों को भी नष्ट किया गया।
दक्षिण बस्तर क्षेत्र में चल रहे माओवादी विरोधी अभियानों के तहत सुरक्षा बलों की यह कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इलाके में लगातार सर्चिंग और एरिया डॉमिनेशन अभियान जारी है और माओवादियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *