राजनांदगांव की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव का भव्य सम्मान, सीएम साय ने 30 लाख रुपये और DSP पदोन्नति का किया ऐलान


रायपुर, 4 अगस्त 2026। राष्ट्रमंडल खेल 2026 के ग्लासगो संस्करण में महिलाओं की 53 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में रजत पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाली राजनांदगांव की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव का मुख्यमंत्री निवास में भव्य सम्मान किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उन्हें शानदार उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने ज्ञानेश्वरी यादव को पुलिस विभाग में ‘आउट ऑफ टर्न’ डीएसपी (DSP) पद पर पदोन्नति देने का भी ऐलान किया। वर्तमान में ज्ञानेश्वरी यादव पुलिस विभाग में एएसआई (ASI) के पद पर कार्यरत हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि ज्ञानेश्वरी यादव ने राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतकर पूरे छत्तीसगढ़ और देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने विश्वास जताया कि ज्ञानेश्वरी भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत के लिए नए कीर्तिमान स्थापित करेंगी और प्रदेश के युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगी।
ज्ञानेश्वरी यादव ने सम्मान के लिए मुख्यमंत्री और राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *