दंतेवाड़ा में स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर सख्ती: 80 स्कूल बसों और वैन का हुआ निरीक्षण, चालकों को दिए गए कड़े निर्देश

दंतेवाड़ा, 4 अगस्त 2026। नए शैक्षणिक सत्र में स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए दंतेवाड़ा यातायात पुलिस ने मंगलवार को विशेष अभियान चलाकर स्कूल बसों और वैन का व्यापक निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक श्री चंद्रमोहन सिंह के निर्देशन में हाई स्कूल ग्राउंड, दंतेवाड़ा में आयोजित इस अभियान के दौरान शासकीय एवं निजी विद्यालयों की लगभग 80 वाहनों की जांच की गई, जिनमें 50 स्कूल बसें और 30 ईको वैन शामिल थीं।
निरीक्षण के दौरान वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था, फिटनेस, आवश्यक दस्तावेज और परिवहन मानकों की बारीकी से जांच की गई। यातायात पुलिस ने सभी वाहन चालकों को निर्धारित वर्दी पहनने, चरित्र सत्यापन कराने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने तथा यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। इसके अलावा सभी स्कूली वाहनों पर स्पष्ट रूप से “स्कूल वैन” लिखवाने और आपात स्थिति में संपर्क के लिए मोबाइल नंबर प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए गए।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने तथा पूरी जिम्मेदारी और सावधानी के साथ वाहन संचालन करने की समझाइश दी। इस निरीक्षण एवं जागरूकता अभियान में यातायात शाखा के सहायक उप निरीक्षक जितेन्द्र त्रिपाठी, प्रधान आरक्षक थानसिंह तथा आरक्षक आदित्य, हेमलाल, कन्हैया, ललित और वीरेन्द्र सहित यातायात पुलिस का पूरा दल मौजूद रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *