कृषकों ने व्यापक जनहित में दी सहमति, संभावित चक्रवाती वर्षा से निपटने के लिए दोनों राज्यों के बीच समन्वय
जगदलपुर, 25 अक्टूबर 2026। आगामी 27 और 28 अक्टूबर को संभावित चक्रवाती वर्षा एवं बाढ़ की आशंका को देखते हुए छत्तीसगढ़ जल संसाधन विभाग ने ओडिशा सीमा पर स्थित भालूगुड़ा एनीकट के सभी 38 जलद्वार खोल दिए हैं। ओडिशा जल संसाधन विभाग के विशेष आग्रह पर उठाए गए इस कदम में स्थानीय कृषकों ने भी व्यापक जनहित को प्राथमिकता देते हुए सहमति दी।
जल संसाधन विभाग के अनुसार, भालूगुड़ा एनीकट के 38 जलद्वारों में से 28 पहले से खुले थे, जबकि 10 जलद्वार स्थानीय निस्तारी, सिंचाई और भूजल पुनर्भरण के लिए जल संचयन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बंद रखे गए थे। संभावित चक्रवाती आपदा को ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ जल संसाधन विभाग की विद्युत एवं यांत्रिकी शाखा, बस्तर ने ओडिशा जल संसाधन विभाग और एनएमडीसी के समन्वय से शेष 10 जलद्वार भी खुलवा दिए।
अधीक्षण अभियंता, जल संसाधन, इंद्रावती परियोजना मंडल, जगदलपुर वेदप्रकाश पांडे ने बताया कि जलद्वार खोलने के निर्णय पर शुरुआत में स्थानीय कृषकों ने जल संचयन और निस्तारी की जरूरतों को लेकर विरोध जताया था। हालांकि, विभाग और स्थानीय प्रशासन ने उन्हें संभावित आपदा की गंभीरता तथा ओडिशा के नागरिकों की सुरक्षा के महत्व से अवगत कराया। इसके बाद कृषकों ने व्यापक जनहित को ध्यान में रखते हुए सभी जलद्वार खोलने पर सहमति प्रदान की।
विभाग की यह पहल संभावित प्राकृतिक आपदा से निपटने की तैयारी के साथ अंतरराज्यीय सहयोग और मानवीय संवेदनशीलता को भी दर्शाती है। स्थानीय जल जरूरतों से जुड़े अपने हितों को पीछे रखकर सहमति देने वाले कृषकों का निर्णय इस बात का उदाहरण है कि आपदा के समय जनसुरक्षा और पड़ोसी राज्य के नागरिकों का हित साझा जिम्मेदारी है।