मुंबई में बारिश बनी मौत का कारण: स्कूल बस पर गिरा पेड़, 11 वर्षीय छात्र की दर्दनाक मौत

मुंबई, 1 जुलाई2026/ मुंबई में लगातार हो रही तेज बारिश और आंधी के बीच बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। चेंबूर इलाके में स्कूल जा रही एक बस पर अचानक विशाल पेड़ गिर गया। हादसे में 11 वर्षीय छात्र की मौत हो गई, जबकि कई अन्य बच्चे घायल हो गए। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज हवा और लगातार बारिश के कारण पेड़ अचानक उखड़कर स्कूल बस पर गिर पड़ा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और राहत दल ने बस में फंसे बच्चों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और बीएमसी की टीमें मौके पर पहुंचीं और पेड़ हटाकर रास्ता साफ कराया। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
मुंबई में पिछले दो दिनों से लगातार भारी बारिश हो रही है, जिससे कई इलाकों में जलभराव, यातायात बाधित होने और पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे तक तेज बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
इस हादसे के बाद एक बार फिर मानसून के दौरान शहर में पुराने और कमजोर पेड़ों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *