13मई 2026
महाराष्ट्र के पुणे जिले के बारामती में एक बार फिर विमान हादसे ने लोगों को दहला दिया। बुधवार सुबह गोजुबावी गांव के पास एक दो-सीटर ट्रेनिंग विमान अचानक तकनीकी खराबी का शिकार होकर क्रैश हो गया। खास बात यह है कि यह हादसा उसी इलाके में हुआ, जहां कुछ महीने पहले महाराष्ट्र के वरिष्ठ नेता अजित पवार का विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। उस हादसे में अजित पवार समेत पांच लोगों की मौत हो गई थी, जिसके बाद पूरे देश में सनसनी फैल गई थी।
जानकारी के मुताबिक ट्रेनिंग विमान सुबह करीब 8:40 बजे उड़ान पर था। उड़ान के दौरान पायलट को विमान में तकनीकी दिक्कत महसूस हुई। स्थिति बिगड़ती देख पायलट ने विमान को आबादी वाले इलाके से दूर ले जाने की कोशिश की ताकि किसी बड़े नुकसान से बचा जा सके। इसी दौरान विमान का इंजन बंद हो गया और एयरक्राफ्ट खेतों के पास क्रैश हो गया। राहत की बात यह रही कि पायलट समय रहते बाहर निकल आया और उसकी जान बच गई। हादसे में किसी स्थानीय नागरिक के घायल होने की खबर नहीं है।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचा। विमान के मलबे को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में तकनीकी खराबी को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि अधिकारियों ने विस्तृत जांच के बाद ही अंतिम कारण स्पष्ट होने की बात कही है।
यह हादसा इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि इसी गोजुबावी गांव के पास जनवरी में हुए विमान क्रैश में अजित पवार की मौत हुई थी। उस घटना के बाद सुरक्षा मानकों और विमान संचालन को लेकर कई सवाल उठे थे। अब उसी इलाके में दोबारा विमान दुर्घटना होने से स्थानीय लोग भी डरे हुए हैं और एयर सेफ्टी को लेकर नई बहस शुरू हो गई है