13मई 2026
उड़ीसा के बालासोर जिले से मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। जमीन विवाद में एक महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई, जिसके बाद नाराज परिजनों ने इंसाफ की मांग को लेकर शव को साइकिल पर रख करीब 15 किलोमीटर तक पैदल मार्च किया। इस घटना ने इलाके में आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है।
मामला बालासोर जिले के खैरा थाना क्षेत्र के हरिपुर गांव का है। जानकारी के मुताबिक दो पड़ोसी परिवारों के बीच जमीन की सीमा और निर्माण कार्य को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार को यह विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोसी परिवार के लोगों ने फावड़ा और बेलचा जैसे धारदार औजारों से हमला कर दिया, जिसमें 39 वर्षीय कमला सेठी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनकी भाभी शकुंतला सेठी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनका इलाज कटक के अस्पताल में जारी है।
घटना के बाद परिवार का आरोप है कि कई दिन बीत जाने के बावजूद मुख्य आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। इसी नाराजगी में परिजन और ग्रामीण महिला के शव को साइकिल पर रखकर खैरा थाने तक पहुंच गए और सड़क पर शव रखकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की।
बताया जा रहा है कि पुलिस ने शव को अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था भी की, लेकिन परिजनों ने विरोध स्वरूप उसे लेने से इनकार कर दिया। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर एक महिला आरोपी को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।