राष्ट्रपति के बस्तर दौरे पर सुरक्षा सख्त, एयरपोर्ट से मंदिर तक नो ड्रोन जोन घोषित

जगदलपुर, 22 अक्टूबर 2026। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 23 अक्टूबर को प्रस्तावित बस्तर दौरे को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। वीवीआईपी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जगदलपुर एयरपोर्ट, सिरहासार भवन और मां दंतेश्वरी मंदिर क्षेत्र में ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।

जिला प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट जगदलपुर से 25 किलोमीटर की परिधि में 23 अक्टूबर को सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक किसी भी प्रकार के ड्रोन उड़ाने की अनुमति नहीं होगी।

वहीं, सिरहासार भवन और मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर से 3 किलोमीटर के दायरे को भी नो ड्रोन फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है। इन क्षेत्रों में सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक ड्रोन संचालन प्रतिबंधित रहेगा।

प्रशासन ने दोनों आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए हैं। प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *