10 लाख के ऋण से शुरू किया कारोबार, आज 35 लाख का टर्नओवर; किशन बने आत्मनिर्भरता की मिसाल

जगदलपुर, 23 जुलाई 2026। दृढ़ संकल्प, मेहनत और सरकारी योजना का सही लाभ मिलने पर सफलता की नई इबारत लिखी जा सकती है। इसका जीवंत उदाहरण जगदलपुर के 36 वर्षीय किशन जंगम हैं, जिन्होंने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी) की मदद से अपना व्यवसाय स्थापित कर न केवल आत्मनिर्भरता हासिल की, बल्कि छह स्थानीय युवाओं को भी रोजगार उपलब्ध कराया है।

स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद किशन ने नौकरी की तलाश करने के बजाय खुद का व्यवसाय शुरू करने का निर्णय लिया। प्रिंटिंग व्यवसाय में रुचि होने के बावजूद आर्थिक संसाधनों की कमी उनके सामने बड़ी चुनौती थी। इसी दौरान उन्हें प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम की जानकारी मिली। उन्होंने जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, जगदलपुर के माध्यम से आवेदन किया, जिसके बाद वर्ष 2019 में पंजाब नेशनल बैंक की जगदलपुर शाखा से 10 लाख रुपये का ऋण और डेढ़ लाख रुपये की सब्सिडी स्वीकृत हुई।

आर्थिक सहायता मिलने के बाद किशन ने एफसीआई गोदाम के सामने ‘मेसर्स कार्तिक प्रिंटर सप्लायर्स’ की स्थापना की। व्यवसाय शुरू होने के बाद उनकी मेहनत और लगन रंग लाई और धीरे-धीरे कारोबार का दायरा बढ़ता गया।

आज उनका प्रिंटिंग व्यवसाय सालाना 30 से 35 लाख रुपये का टर्नओवर हासिल कर रहा है। सबसे खास बात यह है कि उन्होंने अपने संस्थान में छह स्थानीय युवाओं को रोजगार देकर उनके परिवारों की आजीविका का भी सहारा बनाया है।

किशन जंगम का कहना है कि उनकी सफलता में पीएमईजीपी योजना की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। वे अब अन्य युवाओं को भी स्वरोजगार अपनाने और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

कभी आर्थिक तंगी से जूझने वाले किशन आज बस्तर के युवाओं के लिए प्रेरणा बन चुके हैं। उनकी सफलता यह साबित करती है कि मजबूत इरादों और सही मार्गदर्शन के साथ सीमित संसाधनों में भी बड़े सपनों को साकार किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *