दंतेवाड़ा, 7 अगस्त 2026। दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा के किरंदुल थाना पुलिस ने विद्यार्थियों में सामाजिक जागरूकता बढ़ाने की पहल करते हुए शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, किरंदुल के संयुक्त तत्वावधान में निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया। प्रतियोगिता में कुल 78 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
पुलिस अधीक्षक दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा श्री चंद्रमोहन सिंह के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में “नशा मुक्ति” विषय पर निबंध प्रतियोगिता तथा “यातायात जागरूकता एवं सड़क सुरक्षा” विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। निबंध प्रतियोगिता में 38 तथा चित्रकला प्रतियोगिता में 40 विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के परिणामों में निबंध प्रतियोगिता के उच्चतर माध्यमिक वर्ग में कु. शशिकला और माध्यमिक वर्ग में रवि कड़ती ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं चित्रकला प्रतियोगिता के उच्चतर माध्यमिक वर्ग में कु. कावेरी तथा माध्यमिक वर्ग में मुकेश बारसे प्रथम रहे।
कार्यक्रम के समापन पर विजेता विद्यार्थियों सहित सभी प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, यातायात नियमों का पालन करने और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में थाना प्रभारी किरंदुल, थाना स्टाफ, विद्यालय की प्राचार्या एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।