पटवारियों की हड़ताल पर CM साय का सख्त संदेश, बोले- पहले काम पर लौटें, फिर होगी बातचीत

बलौदाबाजार।20नवंबर2026/ छत्तीसगढ़ में पटवारियों की हड़ताल के बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने हड़ताल कर रहे पटवारियों से काम पर वापस लौटने की अपील करते हुए साफ कहा कि सरकार बातचीत के लिए तैयार है, लेकिन पहले पटवारियों को अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए काम पर लौटना होगा। उनकी जायज मांगों पर सरकार सकारात्मक रूप से विचार करेगी।

19 नवंबर को बलौदाबाजार जिले के सुहेला प्रवास के दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी को अपने काम पर आकर जनता की सेवा करनी चाहिए। सरकार पटवारियों के साथ संवाद करने के लिए तैयार है और उनकी उचित मांगों को पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।

किसानों की परेशानी समझें पटवारी

मुख्यमंत्री साय ने पटवारियों से भावनात्मक अपील करते हुए कहा कि वे भी किसी किसान परिवार से आते हैं। वे किसी के बेटे और भाई हैं, इसलिए उन्हें किसानों की परेशानियों और तकलीफों को समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि धान खरीदी का काम सुचारू रूप से चल रहा है और फिलहाल कहीं कोई परेशानी नहीं है। ऐसे में पटवारियों को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए काम पर लौटना चाहिए।

हड़ताल के दौरान हुई कार्रवाई पर भी विचार

मुख्यमंत्री ने कहा कि पटवारी पहले काम पर लौटें और सरकार के साथ बातचीत करें। उनकी मांगों पर निश्चित रूप से विचार किया जाएगा। वहीं, हड़ताल के दौरान पटवारियों के खिलाफ हुई कार्रवाई पर भी सरकार सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगी।

अब पटवारी संगठन के फैसले पर नजर

मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद पटवारी आंदोलन को लेकर बातचीत के रास्ते खुलने की उम्मीद बढ़ी है। सरकार ने एक ओर काम पर लौटने की अपील की है, तो दूसरी ओर जायज मांगों और कार्रवाई पर विचार करने का भरोसा भी दिया है। अब देखना होगा कि मुख्यमंत्री की इस अपील पर पटवारी संगठन क्या रुख अपनाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *