बीजापुर में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता, मुठभेड़ में 6 माओवादी ढेर, 4 महिला कैडर शामिल

बीजापुर। जिले के नेशनल पार्क क्षेत्र में सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच चल रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान बड़ी कार्रवाई सामने आई है। बीजापुर पुलिस के अनुसार, 17 जनवरी से जारी अभियान की निरंतरता में 18 जनवरी 2026 को हुई मुठभेड़ों के बाद अब तक कुल 6 माओवादी कैडरों के शव बरामद किए गए हैं, जिनमें 4 महिला माओवादी भी शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक बीजापुर डॉ. जितेन्द्र यादव ने बताया कि उत्तर-पश्चिमी बीजापुर के दुर्गम जंगल–पहाड़ी क्षेत्र में माओवादियों की नेशनल पार्क एरिया कमेटी के DVCM दिलीप बेड़जा समेत अन्य सशस्त्र कैडरों की मौजूदगी की सूचना पर डीआरजी, कोबरा एवं एसटीएफ की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। इस दौरान 17 जनवरी की सुबह से ही सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच रुक-रुक कर फायरिंग होती रही।
सर्चिंग के दौरान 17 जनवरी को दोपहर तक दो माओवादी कैडरों के शव बरामद किए गए, जबकि शाम को हुई मुठभेड़ में दो और माओवादी मारे गए। अभियान की निरंतरता में 18 जनवरी को सर्चिंग के दौरान दो अतिरिक्त माओवादी कैडरों के शव बरामद किए गए।
मुठभेड़ स्थल से कुल 6 ग्रेडेड हथियार बरामद किए गए हैं, जिनमें 2 नग AK-47, 1 INSAS राइफल, 2 नग .303 राइफल एवं 1 कार्बाइन शामिल है।
अब तक की पहचान प्रक्रिया में मारे गए माओवादियों की पहचान नेशनल पार्क एरिया कमेटी के कुख्यात कैडरों के रूप में की गई है, जिनमें DVCM दिलीप बेड़जा, ACM माड़वी कोसा, ACM लक्खी मड़काम और पार्टी मेंबर राधा मेट्टा शामिल हैं। शेष दो माओवादियों की पहचान की कार्यवाही जारी है।
पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज सुंदरराज पट्टिलिंगम ने कहा कि डीआरजी, कोबरा, एसटीएफ, स्थानीय पुलिस एवं केंद्रीय अर्धसैनिक बल बस्तर क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और जनकल्याण के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं। सशस्त्र माओवादियों के खिलाफ सटीक, समन्वित और निर्णायक कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *