सायकल पर निकले उप मुख्यमंत्री अरुण साव, दिया फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

जगदलपुर, 7 जून 2026। विश्व सायकल दिवस के अवसर पर जगदलपुर में आयोजित ‘सन्डे ऑन सायकल’ कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने युवाओं के साथ सायकिलिंग कर फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने जुम्बा गतिविधियों में भी हिस्सा लिया और नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने स्वयं सायकल चलाकर कहा कि नियमित सायकलिंग शरीर को स्वस्थ, फिट और ऊर्जावान बनाए रखती है। उन्होंने कहा कि सायकल न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक बचत का भी सरल एवं प्रभावी माध्यम है। उन्होंने लोगों से दैनिक जीवन में अधिक से अधिक सायकल का उपयोग करने की अपील करते हुए स्वच्छ और हरित वातावरण के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में सांसद महेश कश्यप, महापौर संजय पाण्डेय, कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी शामिल हुए।

सायकल रैली लालबाग मैदान से शुरू होकर कोतवाली चौक, सदर बाजार, मितली चौक, संजय बाजार, हाता ग्राउंड और चांदनी चौक होते हुए पुनः लालबाग मैदान पहुंचकर संपन्न हुई। कार्यक्रम ने फिट इंडिया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों में जागरूकता का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *