आड़ावाल में गूंजा स्वच्छता का संकल्प: कचरा पृथक्करण और पर्यावरण संरक्षण की दिलाई गई शपथ

जगदलपुर, 6 जून 2026। विकासखंड जगदलपुर के ग्राम पंचायत आड़ावाल में स्वच्छता और सतत विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘ठोस कचरा प्रबंधन नियम 2026’ के तहत वृहद जनजागरूकता एवं सामूहिक शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सरपंच की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय दुकानदारों को कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन, पृथक्करण और सुरक्षित निपटान की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान विशेष डेमोंस्ट्रेशन के माध्यम से गीला, सूखा, घरेलू हानिकारक तथा सैनिटरी कचरे को अलग-अलग श्रेणियों में संग्रहित करने की प्रक्रिया समझाई गई। साथ ही बताया गया कि कचरे का सही प्रबंधन न केवल पर्यावरण संरक्षण में सहायक है, बल्कि स्वच्छ और स्वस्थ गांव के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

स्वच्छ भारत मिशन के जिला समन्वयक ने ठोस कचरा प्रबंधन नियम 2026 के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी देते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फैलाना, खुले में कचरा जलाना तथा निर्धारित नियमों के अनुसार कचरे का पृथक्करण नहीं करना दंडनीय अपराध है। नियमों के उल्लंघन पर ग्राम पंचायत द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।

ग्रामीणों में व्यवहारिक बदलाव लाने के उद्देश्य से “मैच कोर्ट” गतिविधि का भी आयोजन किया गया। इसके तहत टीम ने घर-घर और दुकानों तक पहुंचकर लोगों को चार प्रकार के कचरे की पहचान, पृथक्करण और उचित निपटान की जानकारी दी।

कार्यक्रम के समापन पर सरपंच की उपस्थिति में सभी ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और उपस्थित नागरिकों को स्वच्छता, कचरा पृथक्करण एवं पर्यावरण संरक्षण की सामूहिक शपथ दिलाई गई। सभी ने अपने घर, मोहल्ले और गांव को स्वच्छ रखने तथा स्वच्छता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर जनपद पंचायत के विकासखंड समन्वयक, वार्ड पंचगण, ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधि, सृष्टि वेस्ट मैनेजमेंट के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से ‘स्वच्छ गांव–स्वस्थ पर्यावरण’ का संदेश पूरे क्षेत्र में प्रभावी रूप से प्रसारित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *