बिलासपुर एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान फटा विमान का टायर, कई मीटर तक घिसटी फ्लाइट; पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

बिलासपुर। 29अगस्त 2026/छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित बिलासा देवी केवट हवाई अड्डे (चकरभाठा) पर शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब दिल्ली से पहुंची एलाइंस एयर की फ्लाइट की लैंडिंग के दौरान अचानक एक टायर फट गया। तेज धमाके के साथ टायर फटने के बाद विमान कई मीटर तक रनवे पर घिसटता रहा। हालांकि, पायलट की सूझबूझ और तत्परता से विमान को सुरक्षित रोक लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया।

लैंडिंग के वक्त अचानक हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, एलाइंस एयर की फ्लाइट 91697 ने शुक्रवार सुबह करीब 10:55 बजे दिल्ली से बिलासपुर के लिए उड़ान भरी थी। बिलासपुर एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान अचानक विमान का टायर फट गया। तेज आवाज सुनकर एयरपोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

टायर फटने के बावजूद पायलट ने विमान पर नियंत्रण बनाए रखा और उसे रनवे के किनारे सुरक्षित रोक दिया। टायर फटने के कारण विमान कुछ दूरी तक घिसटता रहा।

सभी 60 यात्री सुरक्षित

घटना की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट का फायर और रेस्क्यू दल तत्काल मौके पर पहुंचा। राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी 60 यात्री सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

प्रयागराज जाने वाली कनेक्टिंग फ्लाइट रद

विमान में तकनीकी खराबी आने के बाद बिलासपुर से प्रयागराज जाने वाली कनेक्टिंग फ्लाइट को भी रद कर दिया गया। फ्लाइट रद होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

फिलहाल एयरपोर्ट अथॉरिटी और एलाइंस एयर की तकनीकी टीम पूरे मामले की जांच कर रही है। टायर किस वजह से फटा और घटना के पीछे तकनीकी कारण क्या था, इसकी जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *