जगदलपुर, 15 नवंबर 2026। बस्तर जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का अभियान रविवार से शुरू हो गया। खरीदी के पहले दिन कलेक्टर आकाश छिकारा और जिला पंचायत सीईओ तन्मय खन्ना ने खाद्य, सहकारिता एवं मार्कफेड के अधिकारियों के साथ बड़ेमारेंगा धान उपार्जन केंद्र का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने खरीदी व्यवस्था, तौल, बारदाने की उपलब्धता और धान की गुणवत्ता जांच का जायजा लिया।
कलेक्टर ने मौके पर मॉइस्चर मीटर से धान की नमी की जांच कराई, जो निर्धारित मानक के अनुसार 17 प्रतिशत से कम पाई गई। उन्होंने केंद्र प्रभारियों को 40 किलो प्रति बोरा निर्धारित तौल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
किसानों से सीधे पूछा- टोकन और खरीदी व्यवस्था कैसी है?
केंद्र पर धान बेचने पहुंचे किसान मोतीराम सेठिया और ईश्वर मौर्य से कलेक्टर ने बातचीत कर टोकन की उपलब्धता और खरीदी व्यवस्था की जानकारी ली। किसानों को प्रति एकड़ 21 क्विंटल खरीदी सीमा, समर्थन मूल्य तथा कुल ₹3100 प्रति क्विंटल भुगतान की व्यवस्था के बारे में जानकारी दी गई।
इस दौरान किसानों ने एग्रीस्टैक और डिजिटल गिरदावरी पोर्टल पर खसरा नंबर व रकबा प्रदर्शित नहीं होने की समस्या भी बताई। कलेक्टर ने अधिकारियों को ऐसे किसानों की सूची तैयार कर तकनीकी समस्या का तत्काल समाधान कराने के निर्देश दिए, ताकि पात्र किसानों को टोकन प्राप्त करने में परेशानी न हो। आधार सत्यापन के लिए बायोमेट्रिक और आइरिस स्कैन व्यवस्था सुचारू रखने को भी कहा गया।
पहले दिन 13 किसानों के टोकन, 50.44 मीट्रिक टन की खरीदी
जिले के 88 धान उपार्जन केंद्रों में पहले दिन 8 केंद्रों के लिए 13 किसानों के टोकन पंजीकृत हुए। इनके माध्यम से 50.44 मीट्रिक टन धान की खरीदी निर्धारित हुई। इनमें 11 टोकन ‘किसान-तुंहर टोकन’ मोबाइल ऐप से जारी हुए, जिनसे 41.44 मीट्रिक टन धान की खरीदी निर्धारित है। वहीं समितियों के माध्यम से 2 टोकन जारी हुए, जिनसे 9 मीट्रिक टन धान की खरीदी होगी।
बड़ेमारेंगा केंद्र में सबसे अधिक 4 टोकन और 19.40 मीट्रिक टन धान दर्ज किया गया। इसके अलावा मुली में 2 टोकन 8.60 मीट्रिक टन, रेटावंड/बालेंगा में 2 टोकन 6.32 मीट्रिक टन, सोनपुर में 1 टोकन 5.76 मीट्रिक टन, नदीसागर में 1 टोकन 3.88 मीट्रिक टन, कचनार में 1 टोकन 2.48 मीट्रिक टन, बड़ांजी में 1 टोकन 2 मीट्रिक टन तथा लोहण्डीगुड़ा/धुरागांव में 1 टोकन 2 मीट्रिक टन दर्ज किया गया।
51 हजार से अधिक किसान पंजीकृत
बस्तर जिले में इस वर्ष 67,538.0160 हेक्टेयर रकबे के 51,068 किसान धान विक्रय के लिए पंजीकृत हैं। दूरस्थ क्षेत्रों के किसानों को सुविधा देने के लिए जिले में 9 नए उपार्जन केंद्र भी शुरू किए गए हैं।
पारदर्शिता और सुविधा के लिए 70 प्रतिशत टोकन मोबाइल ऐप से ऑनलाइन, जबकि 30 प्रतिशत टोकन समितियों एवं उपार्जन केंद्रों के माध्यम से ऑफलाइन जारी किए जा रहे हैं। प्रशासन ने किसानों से समय पर टोकन प्राप्त कर निर्धारित नियमों के अनुसार धान विक्रय करने की अपील की है।
धान खरीदी अभियान 15 जनवरी 2027 तक जारी रहेगा।